दन्तेवाड़ा

बस्तर सांसद ने की जुमला के उद्यम की सराहना
08-Oct-2026 9:00 PM
बस्तर सांसद ने की जुमला के उद्यम की सराहना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोडक़र आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मसेनार की जुमला अतरा ने स्व-सहायता समूह से जुडक़र स्वरोजगार की राह अपनाई है। उन्होंने समूह के माध्यम से 3 लाख रुपये का ऋण लेकर ‘अतरा किराना’ दुकान शुरू की है, जिसका संचालन वे कर रही हैं। जुमला अतरा संतोषी स्व-सहायता समूह मसेनार से जुड़ी हैं।

 उन्होंने बताया कि वर्ष-2024 में उन्होंने किराना दुकान की शुरुआत की थी। गांव में ही दैनिक उपयोग की किराना सामग्री उपलब्ध होने से स्थानीय ग्रामीणों को सुविधा मिल रही है। दुकान के संचालन से अब तक उन्हें लगभग 50 हजार रुपये की आमदनी प्राप्त हुई है। इस व्यवसाय से उन्हें नियमित आय का जरिया मिला है और वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

सेवा संकल्प अभियान के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने मसेनार पहुंचें। जुमला अतरा की किराना दुकान का अवलोकन किया। उनके व्यवसाय की जानकारी ली। उन्होंने महिला के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोडऩा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा  जुमला अतरा, ग्राम पंचायत के रानी महिला ग्राम संगठन मसेनार एवं एकल महिला संकुल संगठन से भी जुड़ी हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम जनपद अध्यक्ष सुनीता भास्कर उपाध्यक्ष रमेश गावड़े  शिव नारायण पाण्डे और सीईओ एम. भार्गव प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट