दन्तेवाड़ा

सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ से बनें सफल उद्यमी
04-Oct-2026 9:33 PM
सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ से  बनें सफल उद्यमी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 4 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा द्वारा डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज, जावंगा गीदम में ‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। इस दौरान 150 से अधिक छात्र-छात्राओं नें भाग लिया।

संस्था के प्राचार्य मुकेश ठाकुर द्वारा विद्यार्थियों को ‘सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज’ के उद्देश्य एवं स्वरूप की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने तथा अपने नए विचार एवं आइडिया प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर, महाप्रबंधक रविशंकर नेताम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि किसी भी नए विचार को स्थानीय समस्याओं के समाधान से जोडक़र उसे नवाचार एवं स्टार्टअप के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नए और व्यावहारिक विचारों पर कार्य करने की आवश्यकता है।

श्री नेताम ने कहा कि कोई भी बड़ा आइडिया या स्टार्टअप एक छोटी-सी सोच से ही जन्म लेता है। सही दिशा, निरंतर प्रयास और समस्या के समाधान की सोच के साथ यही छोटी-सी सोच आगे चलकर बड़े स्टार्टअप का रूप ले सकती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नवाचार एवं नए विचारों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अपने विचारों को विकसित करने में रुचि दिखाई। इस अवसर पर सीईओ अंत्याव्यवसायी श्री जितेंद्र बघेल, संस्था के अन्य प्राध्यापकगण एवं फैकल्टी सदस्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दंतेवाड़ा द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवाओं में नवाचार, रचनात्मक सोच, समस्या-समाधान एवं उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट