दन्तेवाड़ा

बुजुर्ग ईश्वर के समान-विधायक
02-Oct-2026 9:48 AM
बुजुर्ग ईश्वर के समान-विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 1 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा के जिला ग्रंथालय में जिला स्तरीय वृद्धजन सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों को शाल, श्रीफल और फूलमाला भेंट कर सम्मानित किया।

विधायक चैतराम अटामी ने वरिष्ठ नागरिकों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया और कहा कि बुजुर्ग ईश्वर के समान हैं। माता-पिता बच्चों के पालन-पोषण और संस्कार देने में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने वृद्धजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया और जिले के विकास में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम जैसी स्थिति बनने को चिंतनीय बताते हुए कहा कि प्रत्येक वृद्धजन को परिवार में सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। इसके अतिरिक्त जरूरतमंदों को श्रवण यंत्र, छड़ी, वॉकर और व्हीलचेयर प्रदान किए गए।

स्वागत भाषण उपसंचालक संतोष टोप्पो ने दिया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, संतोष गुप्ता, मूलचंद चोपड़ा और श्रेया वैद्य सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट