दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चैतराम अटामी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, छत्तीसगढ़ महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पंचायत गीदम अध्यक्ष और जनपद पंचायत गीदम अध्यक्ष भी मौजूद थे।
स्वास्थ्य मेले में 548 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण, विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग, आवश्यक जांच, उपचार एवं आगे की चिकित्सा के संबंध में परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता के तहत संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वस्थ जीवनशैली एवं बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई।
गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी
इस शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की गई। 34 से अधिक गर्भवती महिलाओं, विशेषकर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी, विभिन्न लैब जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से निश्चय पोषण योजना के तहत पोषण आहार का वितरण किया गया।
ज्ञात हो कि जिले में टीबी मुक्त दंतेवाड़ा के लक्ष्य को लेकर ग्राम स्तर पर निरंतर स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। यह आयोजन कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया गया।