दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 30 सितंबर। दंतेवाड़ा में यातायात पुलिस द्वार नशे में ट्रक चलाने वाले चालकों पर कड़ी कानूनी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक, चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूॅंटे तथा उप पुलिस अधीक्षक नसर उल्ला सिद्दीकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा इंडोर स्टेडियम के समीप वाहन जांच अभियान बुधवार को चलाया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को रोक कर ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की गई। इसी दौरान ट्रक क्रमांक सीजी, 04 ,क्यूई 9869 के चालक शिव विलास पिता सीताराम उम्र 48 वर्ष साकिन गीदम को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा- 185 के तहत कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में न्यायालय द्वारा वाहन चालक शिव विलास पर रु,10,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया।