दन्तेवाड़ा

बचेली गौरव पथ का हाल बेहाल, गड्ढों में तब्दील प्रमुख सडक़ें
30-Sep-2026 3:07 PM
बचेली गौरव पथ का हाल बेहाल,  गड्ढों में तब्दील  प्रमुख सडक़ें

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 30 सितंबर। बचेली नगर के प्रमुख मार्गों में शामिल गौरवपथ  बदहाल है। सडक़ पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई सडक़ राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है। सडक़ की तस्वीरें इसकी बदहाली की साफ गवाही दे रही हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि 7 अगस्त 2026 को जिला कलेक्टर, दंतेवाड़ा को दिए गए पत्र में भी गौरवपथ की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया गया था। सेंट्रल वर्कशॉप से नगर पालिका कार्यालय के नीचे स्थित ढलान तक लगभग दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक इसका उपयोग करते हैं। सडक़ पर जगह-जगह बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भरने तथा वाहनों के आवागमन में परेशानी है इस बात को पत्र में भी दर्ज की गई थी। पत्र सौंपे जाने के बावजूद वर्तमान तस्वीरें बताती हैं कि सडक़ की स्थिति में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। गौरवपथ का निर्माण पूरा होने के महज एक वर्ष के भीतर ही सडक़ उखडऩे लगी। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में भारी वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे में सडक़ की मौजूदा संरचना और उसकी क्षमता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए सडक़ का निर्माण अधिक मजबूत और टिकाऊ तरीके से किया जाना चाहिए था।  बचेली के नागरिकों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मौजूदा जर्जर डामर की परत को हटाकर सडक़ पर पर्याप्त मोटाई की नई डामर परत बिछाई जाए, ताकि मार्ग की भार-वहन क्षमता बढ़े और सडक़ लंबे समय तक टिकाऊ रह सके।

इस गौरवपथ का निर्माण एनएमडीसी, बचेली के सीएसआर मद से कराया गया था। मार्ग पर राहगीरों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट भी लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से कई लाइटें पिछले कई महीनों से बंद पड़ी हैं। ऐसे में सडक़ की खराब हालत के साथ बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें भी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।


अन्य पोस्ट