दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 सितंबर। दंतेवाड़ा प्रशासन किसानों की आमदनी में इजाफा हेतु निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) योजना के अंतर्गत विकासखंड दंतेवाड़ा के चितालूर गांव में संचालित इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर योजना की गतिविधियों का विगत् रविवार को अवलोकन किया। उन्होंने आजीविका गतिविधियों से जुड़ी महिला समूह की सदस्यों एवं किसानों से चर्चा की। उनके कार्यों को विस्तार से जाना। उन्होंने किसानों की आमदनी बढऩे पर चर्चा की।
किसानों ने बताया कि जिले में इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर योजना के तहत विकासखंड दंतेवाड़ा एवं कुआकोण्डा में 2200 परिवारों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से प्रत्येक परिवार को एक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा वनोपज के क्रय-विक्रय जैसी विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस वर्ष दंतेवाड़ा के चारों विकासखंडों में 3000 से अधिक अतिरिक्त परिवारों को इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर योजना मैं शामिल किया जाएगा। जिससे किसानों की आमदनी में इजाफा हो सके।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने किसानों को केवल अधिक मात्रा में सब्जी उत्पादन पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय मांग आधारित एवं लाभदायक खेती करनें की समझाइश दी। उन्होंने खेतों में खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने तथा बहुवर्षीय फसलों के रूप में पपीता, केला सहित अन्य लाभदायक पौधों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने किसानों को कम समय में अधिक आय प्राप्त करने वाली सब्जियों एवं फसलों के चयन की जानकारी देने तथा मौसम एवं बाजार की मांग के अनुरूप फसल लेने की योजना बनाने पर जोर दिया। इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर के अंतर्गत चयनित किसानों को राजमुंद्री स्थित नर्सरी का भ्रमण कराने के निर्देश दिए। किसान उन्नत पौध सामग्री एवं आधुनिक खेती की तकनीकों से परिचित होकर अपनी कृषि गतिविधियों को और अधिक लाभकारी बना सकें।