दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 23 सितंबर। जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक जिला कर्यालय में मंगलवार को आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान सीएम हेल्पलाइन के दर्ज प्रकरणों, निराकृत प्रकरणों के फीडबैक, लंबित शिकायतों, समय सीमा के बाहर की शिकायतों एवं तीन दिवस में देय शिकायतों पर की गई कार्यवाही कलेक्टर द्वारा गहन समीक्षा की गई। इसके अंतर्गत कुल विभागों की शिकायत संख्या 537 निराकृत शिकायतों की संख्या 238, स्पेशल क्लोज्ड शिकायत 121, निराकृत फीडबैक 49, लंबित शिकायतों 118,एवं समय सीमा के बाहर की शिकायत 38 रही। जबकि तीन दिवस के अंदर प्रस्तुत प्रकरणों की संख्या 22 बताई गई। इनमें ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रकरण सर्वाधिक रहे।
इस संबंध में कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है अत: सभी विभाग इसे प्रमुखता देते हुए प्रभावी कार्यवाही करें। कलेक्टर के द्वारा टीएल मार्क पत्रों की माहवार एवं विभागवार जानकारी के संबंध में विभाग प्रमुखों से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी चाही। बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों के नोडल विभागों द्वारा आगामी दिवस में किए जाने वाले आयोजनों की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ के अंतर्गत रक्तदान, वृक्षारोपण, सफाई, नशा कुपोषण के विरूद्ध जनजागरूकता, ‘‘सेवा सेतु अभियान’’ के तहत हर विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय विशेष शिविर, ‘‘सेवा की कहानी’’, के तहत व्यक्ति विशेष के जीवन में आए बदलाव को सोशल मीडिया पर शेयर करने, ‘‘आंगन मिलन सेवा’’ गतिविधि में आंगनबाड़ी कार्यकताओं का सम्मान, सेवा चित्र गतिविधियों में विद्यार्थियों द्वारा ड्राइंग पेंटिंग किए जाने, ‘‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’’, ‘‘नमो सेवा’’ और ‘‘अन कही कहानियां’’ जैसी विभिन्न गतिविधियों पर संबंधित नोडल अधिकारियों का पूर्व तैयारियां सुनिश्चित कर लेने को कहा। कलेक्टर द्वारा फसल भौतिक सत्यापन के संबंध में अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।