दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 16 सितम्बर। दंतेवाड़ा ने कृषि विकास और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन, निर्धारित प्रमुख संकेतकों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि एवं अद्यतन मूल्यांकन में दंतेवाड़ा जिले ने पूरे देश में 5वां स्थान हासिल किया है।
देशभर के चयनित 100 जिलों के कड़े आकलन में दंतेवाड़ा समूचे छत्तीसगढ़ का एकमात्र ऐसा जिला बनकर उभरा है, जिसने राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष 10 में अपनी जगह सुनिश्चित की है। यह सफलता केवल प्रशासनिक आंकड़ों की जीत नहीं, बल्कि बस्तर के खेतों में उपज रही आर्थिक स्वावलंबन की नई गाथा है।
दंतेवाड़ा जिले को मिली इस ऐतिहासिक 5वीं रैंक के पीछे योजना के विभिन्न घटकों पर किया गया ठोस कार्य है- योजना के तहत निर्धारित सभी Key Performance Indicators (KPIs) का समयबद्ध संकलन, सत्यापन और पोर्टल पर 100त्न सटीक प्रविष्टि सुनिश्चित की गई। मैदानी अमले की सक्रियता से योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचा।
दंतेवाड़ा की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोदो-कुटकी, रागी और देशी धान की किस्मों के उत्पादन को वैज्ञानिक तरीकों से बढ़ावा दिया गया।
जिले में रासायनिक खादों की जगह वर्मीकंपोस्ट और प्राकृतिक जीवामृत के उपयोग पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर किसानों को संतुलित पोषण प्रबंधन की सलाह दी गई।
धन-धान्य योजना के तहत जल संचयन संरचनाओं (चेकडैम, डबरी) के विकास के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई को प्रोत्साहित किया गया, जिससे किसान द्विफसली खेती की ओर बढ़े हैं।
कृषक उत्पादक संगठनों और स्व-सहायता समूहों के जरिए किसानों को सीधे बाजार से जोड़ा गया, जिससे उनके कृषि उत्पादों का उचित मूल्य मिल रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
प्रशासन की कर्मठता और किसानों के विश्वास का संगम कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन और कृषि विभाग के मैदानी कर्मचारियों की अथक मेहनत ने इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया। दूरस्थ एवं संवेदनशील गांवों तक पहुंचकर कृषि विस्तार अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ा।
बस्तर के प्रगतिशील किसानों ने भी परंपरागत सोच से आगे बढक़र योजनाओं को अपनाया।
यह उपलब्धि जिले के मेहनतकश किसानों के पसीने और कृषि विभाग के मैदानी अमले के समर्पण का परिणाम है। सौ चयनित जिलों में देश में 5 वां और छत्तीसगढ़ में अव्वल स्थान साबित करता है कि संकल्प मजबूत हो तो भौगोलिक बाधाएं विकास को नहीं रोक सकता।
दंतेवाड़ा का यह प्रदर्शन अन्य आकांक्षी व जनजातीय जिलों के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल है।