दन्तेवाड़ा
सुरक्षा को लेकर एनएमडीसी सख्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 15 सितंबर। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा की पहचान बन चुकी बैलाडिला की खूबसूरत पहाडिय़ां एक बार फिर विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रही हैं। 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के मौके पर आम लोगों को बैलाडिला की उन वादियों को करीब से देखने का अवसर मिलता है, जहां प्रकृति की खूबसूरती के बीच देश के महत्वपूर्ण लौह अयस्क भंडार और विशालकाय खनन गतिविधियां दिखाई देती हैं। ऐसे में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है।
बचेली-किरंदुल की पहचान केवल लौह अयस्क खनन के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी घुमावदार पहाड़ी सडक़ों, सर्पिलाकार घाटियों, हरियाली और ऊंची-ऊंची पहाडिय़ो’ के कारण भी अलग है। पहाड़ों के बीच से गुजरता रास्ता जैसे-जैसे ऊंचाई की ओर बढ़ता है, वैसे-वैसे बैलाडिला का प्राकृतिक सौंदर्य और भी मनमोहक होता जाता है। यही रोमांच लोगों को दूर-दूर से यहां खींच लाता है।
सुरक्षा नियमों के साथ ही प्रवेश- बैलाडिला सक्रिय खनन क्षेत्र होने के कारण यहां घूमने आने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए एनएमडीसी बचेली प्रबंधन ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आगंतुकों के लिए विशेष सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जारी सूचना के अनुसार खुले जीप एवं दोपहिया वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आगंतुकों को निर्धारित मार्ग और निर्देशित स्थानों से ही आवागमन करना होगा तथा माइंस प्लंाट एरियां में किसी मशीन, डम्पर, वाहन अथवा अन्य उपकरण के पास अनावश्यक रूप से जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों की गति निर्धारित 30 किलोमीटर प्रति घंटे की सुरक्षित सीमा में रखने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि नो एंट्ी वाले क्षेत्रों, सुरक्षा बैरिकेड, फेंसिंग अथवा अन्य सुरक्षा अवरोधों को पार नहीं किया जा सकेगा। सीआईएसएफ और सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। खनन क्षेत्र में मादक पदार्थों का सेवन या उन्हें लेकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अनुशासन बनाए रखने और किसी भी असुरक्षित स्थिति की जानकारी तत्काल सुरक्षा कर्मियों को देने की अपील की गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के तहत चेक पोस्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुला रहेगा। इसके बबाद आगंतुकों को सीआईएसएफ चेकपोस्ट के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। खनन क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए वहां फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी प्रतिबंधित रहेगी।
विश्वकर्मा जयंती के दिन बचेली में अलग ही नजारा देखने को मिलता है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जगदलपुर, दंतेवाड़ा, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और रायपुर सहित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लोग बैलाडिला की पहाडिय़ों का दीदार करने पहुंचते हैं। पड़ोसी राज्यों ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश से भी पर्यटकों के पहुंचने से क्षेत्र में उत्सवी माहौल नजर आता है। बैलाडिला की सबसे खास बात यह है कि यहां प्रकृति और उद्योग का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। एक ओर दूर-दूर तक फैली हरी-भरी पहाडिय़ां और घाटियां मन मोह लेती हैं, तो दूसरी ओर इन्हीं पहाडिय़ों में मौजूद उच्च गुणवत्ता वाले लौह अयस्क के विशाल भंडार और खनन में इस्तेमाल होने वाली विशाल मशीनें लोगों के लिए कौतूहल का विषय रहती हैं। देश की नवरत्न कंपनी एनएमडीसी इन पहाडिय़ों में लौह अयस्क का खनन करती है और बैलाडिला का नाम देश के प्रमुख लौह अयस्क क्षेत्रों में शुमार है।