दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा 13 सितंबर। आगामी त्योहार सीजन के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस प्रशासन द्वारा शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक, चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन में गणेश चतुर्थी एवं अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दन्तेवाड़ा पुलिस द्वारा जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, गणेश उत्सव समितियों एवं डीजे संचालकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कई बिन्दुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान गणेश प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने गणेश पंडाल मुख्य सडक़ अथवा ऐसे स्थान पर न लगाया जाए, जिससे आम नागरिकों एवं वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।
गणेश उत्सव समितियों द्वारा आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें। जुलूस एवं विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें।
डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित समय एवं ध्वनि सीमा में ही उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक आयोजन के दौरान आपसी सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि से दूर रहें। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवाद उत्पन्न करने वाली पोस्ट/संदेश प्रसारित नहीं करें एवं अफवाहों से दूर रहें। आयोजन समितियों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लेते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाडऩे वाले तत्वों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।