दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली /किरंदुल, 12 सितंबर। दंतेवाड़ा जिले के लौह अयस्क खनन क्षेत्र की नवरत्न कंपनी एनएमडीसी किरंदुल परियोजना ने गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। किरंदुल परियोजना के छनन संयंत्र-1 (एसपी 1) की पिन्नाकल टीम ने हैदराबाद में आयोजित क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) के सीसीक्यूसी-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अवॉर्ड अपने नाम किया है। इसके साथ ही टीम ने लगातार तीसरे वर्ष गोल्ड जीतने का गौरव हासिल किया है।
9 सितंबर को हैदराबाद में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्ता सम्मेलन में देशभर की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की टीमों ने अपने गुणवत्ता सुधार, समस्या समाधान और तकनीकी नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। इसी क्रम में एनएमडीसी किरंदुल एसपी-1 की पिन्नाकल टीम ने 310 कन्वेयर के टेक-अप रोप शीव पुली से जुड़ी तकनीकी समस्या के समाधान पर अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायकों ने सराहा और टीम को स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किया गया।
बार-बार खराब हो रही थी रोप शीव पुली
टीम के सदस्य जयपाल यादव ने बताया कि 310 कन्वेयर में लगी टेक-अप रोप शीव पुली बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही थी। इसके कारण रखरखाव में अतिरिक्त समय और संसाधन लग रहे थे तथा कन्वेयर की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही थी। टीम ने समस्या के मूल कारण का अध्ययन करते हुए इसका व्यावहारिक और टिकाऊ समाधान तलाशने पर काम किया। टीम ने इसमें बदलाव करते हुए डोजर के ट्रैक रोलर का उपयोग किया। आवश्यक तकनीकी संशोधन के बाद इसे रोप शीव पुल्ली में लगाया गया। टीम के अनुसार इस बदलाव के बाद बार-बार होने वाली क्षति की समस्या दूर हो गई है और अब तक इसके बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे हैं। टीम ने इसी सुधार और नवाचार को अपने प्रोजेक्ट के रूप में सीसीक्यूसी में प्रस्तुत किया।
लगातार तीसरा गोल्ड, 2024 से जारी है सिलसिला
एनएमडीसी किरंदुल एसपी-1 की पिन्नाकल टीम के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह लगातार तीसरा गोल्ड है। इससे पहले वर्ष 2024 में 310 कन्वेयर प्रोजेक्ट के लिए टीम ने गोल्ड हासिल किया था। इसके बाद वर्ष 2025 में लंप ओर स्टैकर के व्हील ट्रैक स्क्रैपर से जुड़े प्रोजेक्ट पर टीम ने स्वर्ण जीता था। अब वर्ष 2026 में 310 कन्वेयर के टेक-अप रोप शीव पुली में किए गए तकनीकी सुधार के लिए टीम ने फिर गोल्ड जीतकर अपनी निरंतरता कायम रखी है।
टीम के इन सदस्यों की रही भूमिका
एसपी-1 की पिन्नाकल टीम में फेसिलिटेटर डी. लोकेश्वर, टीम लीडर संतोष रात्रे तथा सदस्य जयपाल यादव, राजेन्द्र भारती, लाला लाजपत अग्रवाल, और दीपक डे शामिल हैं। टीम के सामूहिक प्रयास, तकनीकी अध्ययन और समस्या के व्यावहारिक समाधान को इस सफलता का आधार माना जा रहा है।
क्या है सीसीक्यूसी ?
सीसीक्यूसी यानि कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट गुणवत्ता और समस्या समाधान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्ीय स्तर का मंच है। इसका आयेाजन क्वालिटी सर्किल फॉरम ऑफ इंडिया द्वारा किया जाता है। इसमें विभिन्न उद्योगों, कंपनियो और संस्थानों की क्वालिटी सर्किल टीमें अपने कार्यस्थल पर सामने आने वाली समस्याओं के समाधान, लागत में कमी, उत्पादकता बढ़ाने, सुरक्षा सुधार और तकनीकी नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट प्रस्तुत करती हैं। बेहतर और प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने वाली टीमों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाते हैं।
एनएमडीसी किरंदुल की एसपी-1 पिन्नाकल टीम की लगातार तीसरी स्वर्णिम सफलता न केवल परियोजना में गुणवत्ता, टीमवर्क और नवाचार की संस्कृति को दर्शाती है, बल्कि कार्यस्थल की तकनीकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान विकसित करने की टीम की क्षमता को भी सामने लाती है।