दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 सितंबर। गीदम पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या के 3 आरोपियों को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस को समलूर, उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी, (65 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई। मृतक के चेहरे, गाल, कान एवं माथे पर चोट के निशान पाए गए थे। सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मृत्यु कठोर एवं कुंद वस्तु से चोट पहुंचाए जाने के कारण होना पाए जाने पर थाना गीदम में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि मृतक पर कथित रूप से जादू-टोना करने का संदेह था। जिससे आरोपियों में उसके प्रति नाराजगी थी। इसी कारण आरोपियों द्वारा उसकी हत्या की योजना बनाकर हत्या की गई। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू और मंगतू सोढ़ी निवासी ग्राम समलूर शामिल हैं।
तीनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायालय दंतेवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।