दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 सितंबर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव दंतेवाड़ा प्रवास पर शुक्रवार को पहुंचे। इस दौरान डिप्टी सीएम नें संयुक्त जिला कार्यालय के डंकिनी कक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान’ संबंधी तैयारियों की गहन जानकारी ली।
उन्होंनें अभियान को जन समुदाय के साथ व्यापक रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के कार्यक्रम जिला मुख्यालय तक सीमित न रहें। जनपद, तहसील, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर तक प्रभावी रूप से आयोजित किए जाएं।
उप मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण जागरूकता कार्यक्रम तथा स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां भी होंगी।
सतत निगरानी करें - कलेक्टर
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि व्यापक जनभागीदारी के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित कर तिथिवार कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उपमुख्यमंत्री नें अभियान के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत एम भार्गव एवं सहायक नोडल अधिकारी राजेश पात्रे को सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा कर तैयारियों की सतत् निगरानी के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल शासकीय कार्यक्रमों की श्रृंखला न होकर सेवा, समर्पण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने का अवसर बने। इस अवसर पर डीएफओ रामाकृष्णा रंगनाथा वाय और अपर कलेक्टर राजेश पात्र प्रमुख रूप से मौजूद थे।