दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 11 सितंबर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर बचेली में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 08 सितंबर 2026 को बचेली कॉम्प्लेक्स के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुटे ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करने, ओटीपी एवं पिन किसी के साथ साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक और अनजान कॉल से सावधान रहने तथा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अज्ञात व्यक्ति के साथ बैंकिंग एवं निजी जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान बचेली थाना प्रभारी अर्जुन पटेल ने भी साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल सतर्क होकर आवश्यक कदम उठाने और पुलिस को सूचना देने के संबंध में उपस्थित लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर मानव संसाधन विभाग के उपमाहाप्रबंधक सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान एवं अधिकारी तथा पुलिस बल मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को संदेश दिया गया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।