दन्तेवाड़ा

विज्ञान केंद्र के मॉडलों को धमतरी के विद्यार्थियों ने निहारा
09-Sep-2026 11:09 PM
विज्ञान केंद्र के मॉडलों को धमतरी के विद्यार्थियों ने निहारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 9 सितम्बर। धमतरी जिले के पीएम श्री विद्यालय नगरी, बठेना, कुरूद एवं मगरलोड-भैंसमुंडी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए दंतेवाड़ा जिले का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने दंतेवाड़ा स्थित जिला विज्ञान केंद्र का भ्रमण कर विज्ञान एवं गणित से संबंधित विभिन्न उपकरणों, प्रयोगों और मॉडलों का अवलोकन किया तथा पुस्तकीय ज्ञान को प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से समझा।

जिला विज्ञान केंद्र पहुंचने पर विद्यार्थियों को केंद्र में प्रदर्शित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं उपकरणों के कार्यविधि की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, अंतरिक्ष विज्ञान, पर्यावरण, ऊर्जा, खनन, उद्योग एवं आधुनिक तकनीक से संबंधित मॉडलों का अवलोकन किया। गतिविधि आधारित संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं गणित की जटिल अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से समझा। इस दौरान छात्रों में वैज्ञानिक जिज्ञासा के साथ-साथ नई चीजें जानने और सीखने का उत्साह भी देखने को मिला।

विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जिन वैज्ञानिक उपकरणों और मॉडलों को उन्होंने अब तक केवल पाठ्य-पुस्तकों एवं चित्रों में देखा और पढ़ा था, उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखने तथा उनकी कार्यप्रणाली को समझने का अवसर पहली बार मिला। मॉडलों एवं गतिविधियों के माध्यम से कठिन वैज्ञानिक अवधारणाएं सहज एवं रुचिकर तरीके से समझ में आईं। विद्यार्थियों ने जिला विज्ञान केंद्र के भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव बताया।

शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा एवं पाठ्य-पुस्तकों की सीमाओं से आगे ले जाकर प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना था। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में अवलोकन क्षमता, तार्किक चिंतन, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला विज्ञान केंद्र में उपलब्ध विभिन्न मॉडल एवं गतिविधियां विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित के प्रति रुचि बढ़ाने तथा नवाचार के लिए प्रेरित करने में सहायक रहीं।

दंतेश्वरी मंदिर का दर्शन - अध्ययन

जिला विज्ञान केंद्र के भ्रमण के पश्चात छात्र-छात्राओं ने दंतेवाड़ा की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान विद्यार्थियों को मंदिर की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता की जानकारी दी गई। उन्होंने मंदिर का अवलोकन करते हुए बस्तर अंचल की समृद्ध परंपरा, आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से जाना।

विज्ञान, संस्कृति एवं आध्यात्मिकता से जुड़े इस समग्र शैक्षणिक भ्रमण से छात्र-छात्राएं बेहद प्रसन्न एवं उत्साहित नजर आए। विद्यार्थियों ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल भ्रमण तक सीमित नहीं रही, बल्कि नई जानकारियां प्राप्त करने, व्यावहारिक रूप से सीखने और दंतेवाड़ा की समृद्ध संस्कृति एवं विरासत को समझने का उत्कृष्ट अवसर बनी।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा धमतरी, सहायक परियोजना समन्वयक, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मचारी विद्यार्थियों के साथ मौजूद थे।


अन्य पोस्ट