दन्तेवाड़ा

शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा असुरक्षित, रेलिंग से घेरने की मांग
06-Sep-2026 11:32 PM
शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा असुरक्षित, रेलिंग से घेरने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 6 सितंबर। बचेली के वार्ड क्रमांक 6 (न्यू बस स्टैंड के सामने, गौरवपथ रोड) में स्थापित शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा के चारों ओर पुन: सुरक्षा घेरा (रेलिंग) लगाने की मांग को लेकर दंतेवाड़ा कलेक्टर के नाम पत्र सौंपा गया है।

कलेक्टर के नाम प्रेषित पत्र के अनुसार   गौरवपथ सडक़ चौड़ीकरण कार्य के दौरान प्रतिमा के चारों ओर पूर्व में लगी रेलिंग और फव्वारे को हटा दिया गया था। सुरक्षा घेरा न होने के कारण स्थल पर गंदगी फैलने तथा भारी वाहनों के खड़े रहने से प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

आदिवासी समाज द्वारा प्रतिवर्ष विश्व आदिवासी दिवस और शहीद वीर नारायण सिंह की जयंती पर इस स्थल पर कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है। पत्र में प्रतिमा स्थल का निरीक्षण कर रेलिंग का निर्माण कराने का अनुरोध किया गया है।

मामले में नगरपालिका प्रशासन का कहना है कि सडक़ चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा किया गया था। चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा ढांचा हटाए जाने के कारण, पुन: सुरक्षा घेरा बनवाने का कार्यक्षेत्र भी लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है।


अन्य पोस्ट