दन्तेवाड़ा

विद्यार्थियों से शिक्षक करें मित्रवत् व्यवहार- विधायक
05-Sep-2026 9:26 PM
विद्यार्थियों से शिक्षक करें मित्रवत् व्यवहार- विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 5 सितम्बर। शिक्षक दिवस समारोह का दंतेवाड़ा में शनिवार को गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षकों की भविष्य निर्माता की भूमिका को रेखांकित किया गया।

जिला स्तरीय शिक्षक दिवस सह मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार समारोह का आयोजन ग्रंथालय में किया गया। समारोह में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा 3 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया।         

 अतिथियों द्वारा शिक्षा दूत पुरस्कार के रूप में 5 हजार रुपये तथा ज्ञानदीप पुरस्कार के रूप में 7 हजार रुपये के चेक, श्रीफल एवं शाल प्रदान कर शिक्षकों का सम्मान किया गया। इसी क्रम में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।

 विधायक चैतराम अटामी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मित्रवत् व्यवहार करते हुए उन्हें अध्यापन करायें। विद्यार्थी अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को बिना किसी संकोच के शिक्षकों के सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है। जिससे विद्यार्थियों को विषयों को सरल ढंग से समझने में सहायता मिलती है। शिक्षक दिवस हमारे लिए गौरव का दिन है। इस अवसर पर हम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और शिक्षण मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हैं।  जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि आज जिन शिक्षकों का सम्मान किया गया है, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। शिक्षकों के निरंतर प्रयास, समर्पण और मार्गदर्शन से दंतेवाड़ा के विद्यार्थी अंदरूनी क्षेत्रों से निकलकर संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक इसी तरह अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते रहें।


अन्य पोस्ट