दन्तेवाड़ा

साक्षरता पखवाड़ा में होंगे अनेक आयोजन
05-Sep-2026 3:05 PM
साक्षरता पखवाड़ा में  होंगे अनेक आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 5 सितम्बर।  जिले में 01 से 15 सितंबर तक साक्षरता पखवाड़ा एवं 8 सितम्बर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का आयोजन किया जा रहा है।

भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप सभी के लिए शिक्षा पर केन्द्रित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, महत्वपूर्ण जीवन कौशल, बुनियादी शिक्षा, व्यावसायिक कौशल तथा सतत शिक्षा जैसे पांच प्रमुख घटकों पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

जिला शिक्षा अधिकारी एवं सदस्य सचिव, जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण, दंतेवाड़ा श्री प्रमोद ठाकुर ने बताया कि साक्षरता पखवाड़े के आयोजन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों को अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए साक्षरता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। जिला परियोजना अधिकारी डॉ. रत्नबाला मोहन्ती ने बताया कि 1 सितम्बर को स्कूलों में उल्लास शपथ के साथ पखवाड़े की शुरुआत की गई। 2 सितम्बर को ग्राम पंचायत एवं शहरी वार्ड स्तर पर 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों की पहचान एवं घर-घर सर्वेक्षण किया गया। 3 सितम्बर को मोबाइल ऐप के माध्यम से पोर्टल पर पंजीयन तथा शिक्षा स्वयंसेवकों के नामांकन के लिए विशेष अभियान चला। 4 सितम्बर को स्कूलों में साक्षरता संगोष्ठी एवं ‘अंगूठे से कलम की ओर’ अभियान आयोजित हुआ। 5 सितम्बर को शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन तथा 6 सितम्बर को रैली, नाटक एवं गीतों के माध्यम से साक्षरता के महत्व का संदेश दिया जाएगा।

7 सितम्बर को वाद-विवाद, भाषण, कविता, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

 

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 9 से 15 सितम्बर तक टीएलएम प्रदर्शन, वाचन दिवस, रेडियो जिंगल्स, लघु फिल्मों का प्रदर्शन, डिजिटल साक्षरता, उल्लास मेला, हिन्दी दिवस तथा महिला साक्षरता पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 सितम्बर को साक्षरता पखवाड़े का समापन होगा।


अन्य पोस्ट