दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी अफसर बन नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा
03-Sep-2026 8:43 PM
एनएमडीसी अफसर बन नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा

पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 3 सितंबर। एनएमडीसी  का अधिकारी बताकर अपोलो अस्पताल बचेली में ट्रेनी फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर कुछ अभ्यर्थियों से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई को कुछ अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र लेकर अपोलो अस्पताल बचेली में कार्यभार ग्रहण करने पहुंचे थे। अस्पताल प्रबंधन द्वारा दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि संस्थान द्वारा ट्रेनी फार्मासिस्ट पद के लिए कोई भर्ती प्रक्रिया आयोजित नहीं की गई थी और न ही कोई नियुक्ति पत्र जारी किया गया था।

पीडि़त अभ्यर्थियों के अनुसार, अमित सिंह नामक व्यक्ति ने स्वयं को एनएमडीसी का अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया था। पूरी बातचीत और नियुक्ति पत्र का आदान-प्रदान फोन तथा व्हाट्सएप के माध्यम से हुआ।

नौकरी के नाम पर अभ्यर्थियों से राशि ली गई थी।

अपोलो अस्पताल की मुख्य चिकित्सा प्रशासक ने संस्थान के नाम से जारी फर्जी दस्तावेजों और नाम के दुरुपयोग के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल द्वारा ऐसी कोई विज्ञप्ति जारी नहीं की गई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान, व्हाट्सएप संपर्क और बैंक लेनदेन की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट