दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी बचेली व किंरदुल में एल 1 और एल 2 भर्ती की मांग तेज
02-Sep-2026 9:14 PM
एनएमडीसी बचेली व किंरदुल में एल 1 और एल 2 भर्ती की मांग तेज

14 पंचायतों के सरपंचों ने उठाई स्थानीय युवाओं की आवाज, सीजीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 2 सितंबर। एनएमडीसी बचेली में एल 1 और एल 2 श्रेणी की भर्ती को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की आवाज तेज हो गई है। क्षेत्र की 14 पंचायतों के सरपंचों ने बुधवार को एनएमडीसी बचेली के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र सौंपकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं के हित में भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। सरपंचों ने कहा है कि सेवामुक्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को एल 1 और एल 2 भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार का अवसर दिया जाना चाहिए।

  सरपंचों ने पत्र में कहा कि एनएमडीसी की बचेली एवं किरंदुल परियोजनाएं दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के रोजगार एवं आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के अनेक परिवारों और स्थानीय समुदाय की आजीविका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है।

सरपंचों  का कहना है कि एनएमडीसी बचेली में एल 1 और एल 2 श्रेणी की भर्ती को लेकर स्थानीय युवाओं में लंबे समय से उम्मीद बनी हुई है। एनएमडीसी वर्तमान में एल1 व एल 2 की भर्ती निकली हुई थी, वह रूकी हुई है। उसे तत्काल निकाला जाये। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया को स्थानीय युवाओं के हित में आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने मांग की कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देते हुए  भर्ती की जाए। इस संबंध में 14 पंचायतों के सरपंचों द्वारा संयुक्त रूप से पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं। पत्र की प्रतिलिपि एनएमडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सीएमडी, दंतेवाड़ा जिला कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बचेली और जिला रोजगार अधिकारी को भी भेजी गई है।


अन्य पोस्ट