दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 31 अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा में पर्यटकों हेतु सभी सहूलियत दिए जाने हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने दंतेवाड़ा मुख्यालय के महत्वपूर्ण स्थलों का सोमवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। आगामी शारदीय नवरात्र एवं मड़ई मेला के आयोजन को लेकर मेला स्थल के लिए उपयुक्त स्थानों का भी जायजा लिया।
कलेक्टर ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन भक्त निवास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कलेक्टर नें पुरानी एवं नवीन धर्मशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बिजली, पेयजल, शौचालय तथा साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने और धर्मशाला में नियमित रूप से सफाई रखनें के निर्देश दिए।
मिलेट कैफे का निरीक्षण
कलेक्टर द्वारा जैविक मिलेट कैफे के निरीक्षण के दौरान निर्माण एवं अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर निर्माणकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए
मेडिकल कालेज के कार्य करें पूर्ण
कॉलेज शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाउंड्रीवाल, जनरेटर, बस सुविधा, स्मार्ट क्लास, लैब, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण एवं साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ट्रांजिट हॉस्टल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्टाफ की जानकारी ली। उन्होंने हॉस्टल में नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं देने के निर्देश दिए। उन्होंने नव निर्मित लाइवलीहुड कॉलेज आवासीय बालक कारली एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, चितालंका का भी निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर लोकांश एल्मा प्रमुख रूप से मौजूद थे।