दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 31 अगस्त। जिले के दंतेवाड़ा विकासखंड में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षिकाओं हेतु भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह सोमवार को आयोजित किया गया। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर पातररास की प्राचार्या तुलसा दास तथा प्राथमिक शाला आंवराभाटा, विकासखंड दंतेवाड़ा की प्रधान पाठक गौतम गावड़े को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर विभाग द्वारा विदाई दी गई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने दोनों शिक्षिकाओं को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। उनके उत्कृष्ट सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में दिए गए योगदान की सराहना की।
विदाई की बेला पर ही शिक्षिकाओं के हाथों में पेंशन से जुड़े दस्तावेज सौंप दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष गुप्ता के मार्गदर्शन में लेखापाल मुकेश सोनी तथा राजू देवांगन द्वारा सेवानिवृत्ति के ठीक पहले ही दोनों शिक्षिकाओं को पेंशन पेमेंट ऑर्डर प्रदान किया गया। जिससे सेवामुक्ति का यह पल उनके लिए और भी निश्चिंतता भरा व यादगार बन गया।
शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने कहा कि शिक्षक समाज की नींव का पत्थर होते हैं। एक सशक्त राष्ट्र व समाज के निर्माण में उनका योगदान सदैव अतुलनीय रहता है। उन्होंने दोनों शिक्षिकाओं के दीर्घ सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके भावी जीवन के लिए सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
वहीं खंड शिक्षा अधिकारी संतोष गुप्ता ने भी उनके सेवाकाल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के जीवन को संवारने में उनका समर्पण सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों वरिष्ठ शिक्षिकाओं के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान सेवानिवृत्त रेंजर पी. दास मौजूद थे।