दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दन्तेवाड़ा, 27 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में माय भारत केंद्र द्वारा एनएमडीसी पॉलिटेक्निक डीएवी कॉलेज, गीदम में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं और खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान एवं दन्तेवाड़ा की माटी के लाल दीपेश सिन्हा तथा भारतीय वॉलीबॉल टीम की अंतरराष्ट्रीय कोच रेणु पारीक उपस्थित रहीं। जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे, महाविद्यालय के प्राचार्य महेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा एवं खिलाड़ी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा। उन्होंने युवाओं को खेलों से जुडऩे के लिए प्रेरित करते हुए ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का संदेश दिया और खेलों को स्वस्थ जीवन, व्यक्तित्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।
इस अवसर पर दन्तेवाड़ा के दीपेश सिन्हा ने अपने खेल जीवन के अनुभव युवाओं के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे और बुरी आदतों से दूर रहने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे ने कहा कि खेल जीवन में आने वाली असफलताओं से सीख लेकर पुन: प्रयास करने और सफलता की ओर बढऩे की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान क्विज एवं संवाद सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य महेश ठाकुर ने अतिथियों, खिलाडिय़ों, युवाओं एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।