दन्तेवाड़ा
श्री राघव मंदिर परिसर में सामूहिक पूजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 26 अगस्त। किरंदुल नगर के श्री राघव मंदिर परिसर में 111 पार्थिव शिवलिंग महादेव का सामूहिक रुद्राभिषेक एवं शिव आराधना श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। नगरवासियों के सुख-शांति, आरोग्यता, समृद्धि एवं मंगलकामना को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह से ही श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूजन सामग्री के साथ पहुंचे भक्तों ने विधि-विधान से पार्थिव शिवलिंगों की पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। मंदिर परिसर में लगातार गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नम: शिवाय’ के जयघोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ किरंदुल की सामाजिक एकजुटता भी देखने को मिली। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। अलग-अलग वर्गों के लोगों की सामूहिक भागीदारी ने आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम न रखकर नगर की एकता और आपसी भाईचारे का अवसर भी बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री राम जन कल्याण सेवा समिति एवं गायत्री परिवार, किरंदुल के साथ जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों, कार्यकर्ताओं और सेवाभावी सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा व्यवस्था और आयोजन के संचालन को लेकर की गई तैयारियां भी सराहनीय रहीं।
सामूहिक रुद्राभिषेक ने नगर में सनातन परंपरा और सामूहिक धार्मिक चेतना को मजबूत करने के साथ सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। आयोजन के अंत में भगवान शिव से किरंदुल नगर और सभी परिवारों के सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्यता एवं खुशहाली की प्रार्थना की गई।