दन्तेवाड़ा
सांसद ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 अगस्त। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दंतेवाड़ा जिले के शहरी क्षेत्रों में रसोई गैस सिलेंडर की रीफिल अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है।
श्री कश्यप ने पत्र में अवगत कराया है कि वर्तमान में दंतेवाड़ा, गीदम, बचेली, किरंदुल, बारसूर सहित जिले के नगरीय क्षेत्रों में गैस एजेंसियों द्वारा 45 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है, जबकि प्रदेश के अन्य शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को 25 दिन में दूसरा सिलेंडर उपलब्ध हो जाता है।
उन्होंने कहा कि शहरी परिवारों में एक सिलेंडर औसतन 25 से 30 दिन में ही समाप्त हो जाता है। 45 दिन के नियम के कारण आम जनता को 15-20 दिन तक भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। मजबूरी में लोगों को ब्लैक में महंगा सिलेंडर लेना पड़ता है अथवा लकड़ी-कोयले का उपयोग करना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सांसद श्री कश्यप ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि दंतेवाड़ा जिले की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित कंपनियों को निर्देशित किया जाए कि यहाँ भी सिलेंडर प्रदाय की समय-सीमा अन्य शहरों की तरह 25 दिन की जाए।