दन्तेवाड़ा

बचेली पहुंचे मेहरा समाज महासंघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी, सामाजिक एकजुटता पर जोर
23-Aug-2026 9:50 PM
बचेली पहुंचे मेहरा समाज महासंघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी, सामाजिक एकजुटता पर जोर

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 23 अगस्त। राष्ट्रीय मेहरा समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आयकर विभाग के सेवानिवृत्त अतिरिक्त आयुक्त खेमराज झारिया तथा राष्ट्रीय सह-सचिव सुभाष डेहरिया, एरिया हेड (डिफेंस), दिल्ली एवं मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़, एक्सिस मैक्स लाइफ, अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान बचेली पहुंचे। इस दौरान समाजबंधुओं ने दोनों राष्ट्रीय पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत किया। उनके प्रवास के दौरान सामाजिक एकजुटता, समाज के विकास, युवाओं की भूमिका तथा विभिन्न सामाजिक विषयों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बचेली में एस.आर. डेहरिया, उप महाप्रबंधक एवं विभाग प्रमुख (सिविल), एनएमडीसी लिमिटेड ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खेमराज झारिया एवं राष्ट्रीय सह-सचिव सुभाष डेहरिया का स्वागत किया। इस अवसर पर समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए समाज को संगठित एवं मजबूत बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर चर्चा की गई।

राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी एकजुटता और सामूहिक सोच से संभव होती है। सामाजिक हित से जुड़े विषयों पर सभी समाजबंधुओं को एक मंच पर आकर सकारात्मक पहल करनी चाहिए।

छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान खेमराज झारिया एवं सुभाष डेहरिया ने जगदलपुर, गीदम और दंतेवाड़ा का भी दौरा किया। जगदलपुर स्थित सामाजिक भवन में उन्होंने मेहरा समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात कर समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इसके बाद गीदम एवं दंतेवाड़ा में भी समाजबंधुओं से चर्चा करते हुए सामाजिक गतिविधियों, संगठन की मजबूती और समाजहित के मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

समाजबंधुओं ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों के छत्तीसगढ़ प्रवास को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके साथ हुए संवाद से समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। राष्ट्रीय पदाधिकारियों के प्रवास से समाजबंधुओं में उत्साह देखने को मिला। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इसे सामाजिक एकजुटता, आपसी संवाद और संगठन को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।


अन्य पोस्ट