दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 23 अगस्त। दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अंतर्गत संवाद से ग्रामीणों का विश्वास जीता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक, चंद्रमोहन सिंह द्वारा थाना कटेकल्याण अंतर्गत ग्राम परचेली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र रविवार को पहुंचे। उन्होंने बच्चों को कपड़े, बिस्किट और चॉकलेट प्रदान किये।
इस दौरान एसपी ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई एवं स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली। उन्हें नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से सवाल किया - वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं? बच्चों ने बेबाकी से अपनी इच्छाएं बताईं और अधिकांश बच्चों ने पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। इस पर श्री सिंह ने बच्चों को मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ विश्वास, संवेदनशीलता एवं सहयोग का संबंध स्थापित करना भी है। ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आमजन के बीच संवाद की दूरी कम होती है तथा बच्चों में पुलिस के प्रति भय कम कर मित्रवत पुलिसिंग की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी आकांक्षा ठाकुर, थाना कटेकल्याण प्रभारी विजय राठौर, थाना स्टाफ, पर्यवेक्षिका मीना साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका तथा ग्रामीण नागरिक मौजूद थे।