दन्तेवाड़ा

पीजी कॉलेज में मतदाता जागरूकता
22-Aug-2026 10:50 PM
पीजी कॉलेज में मतदाता जागरूकता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 22 अगस्त। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी)के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया।  कार्यक्रम में निर्वाचन विभाग की ओर से मुख्य अतिथि तहसीलदार पी. एन. बंजारे मौजूद थे।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ईएलसी के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाता की भूमिका पर प्रकाश डाला। नायब तहसीलदार भादू राम धनकर ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

 महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. शिखा सरकार नें भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने मतदाता जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ कृष्ण मुरारी प्रसाद ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे मतदाता जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार लहरी ने ईएलसी से जुड़े विद्यार्थियों को जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

बौद्धिक स्पर्धा के विजेता पुरस्कृत

कार्यक्रम में रंगोली, निबंध, पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


अन्य पोस्ट