दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा/बचेली, 21 अगस्त। एनएमडीसी डीएवी पॉलीटेक्निक दंतेवाड़ा के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के तत्वावधान में आइडियाथॉन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें एजुकेशन सिटी एवं गीदम क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, कृषि तथा रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान से जुड़े अभिनव विचार एवं मॉडल निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। निर्णायकों ने विचारों की उपयोगिता, गहराई और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर डीएवी एमएमपीएस स्कूल, जवांगा के चिन्मय नाग, काव्या यादव एवं बंटी ध्रुव की टीम रही। द्वितीय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गीदम के ओम गुप्ता एवं रोशन गुप्ता की टीम रही। तृतीय स्थान पर स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल (सेजस) करली के उत्तम नाग, इंद्रजीत चंदेल एवं नैतिक सिंह की टीम रही।
समापन समारोह में संस्थान के प्राचार्य ने विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को असफलता से सीख लेकर निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में आईआईसी संयोजकों ने सभी विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का प्रभावी मंच साबित हुआ।