दन्तेवाड़ा
इंडक्शन कार्यक्रम में प्रशिक्षण, अनुशासन व रोजगार के अवसरों की दी जानकारी; उत्कृष्ट प्रोजेक्ट और सर्वाधिक उपस्थिति वाले प्रशिक्षुओं का हुआ सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 21 अगस्त। एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भान्सी में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं एवं उनके पालकों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु वार्षिक इंडक्शन कार्यक्रम ‘मिलाप-2026’ का आयोजन बुधवार, दिनांक 19 अगस्त 2026 को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में संस्था के समस्त शिक्षकगण, नवप्रवेशित प्रशिक्षु एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एस. आर. डेहरिया, विभागाध्यक्ष (सिविल), एनएमडीसी बीआईओएम बचेली, विशिष्ट अतिथि अरविंद कुरील, विभागाध्यक्ष (प्रशिक्षण केंद्र), एनएमडीसी बीआईओएम बचेली एवं के. पी. बंसोड़, उप महाप्रबंधक (सिविल), एनएमडीसी बीआईओएम बचेली सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
संस्था के प्राचार्य कमलेश साहू ने अपने स्वागत उद्बोधन में नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं एवं पालकों का अभिनंदन करते हुए एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भान्सी की उपलब्धियों, प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, संस्थागत नियमों, कैंपस प्लेसमेंट एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संस्था को प्राप्त 5 स्टार रेटिंग के लिए सभी शिक्षकगण एवं प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर प्रशिक्षुओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं को मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने का संदेश दिया तथा शत-प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने हेतु सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें फिटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं एवं उनके अनुदेशक श्री एस. के. उद्गाता द्वारा वर्ष 2026 में निर्मित उत्कृष्ट प्रोजेक्ट मॉडल के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही सत्र 2025-26 में सर्वाधिक उपस्थिति (98.63 फीसदी) प्राप्त करने वाली इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की प्रशिक्षु संगीता तामो को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि अरविंद कुरील, विभागाध्यक्ष (प्रशिक्षण केंद्र), एनएमडीसी बीआईओएम बचेली ने संस्था के प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों को पिछले चार वर्षों से लगातार 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने पर बधाई दी। उन्होंने संस्थान द्वारा प्रशिक्षुओं के रोजगार एवं कौशल विकास पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट आयोजित करने के लिए संस्था की प्रशंसा की।
मुख्य अतिथि एस. आर. डेहरिया ने सर्वाधिक उपस्थिति प्राप्त करने वाले प्रशिक्षु को सम्मानित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे अन्य प्रशिक्षुओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भान्सी के प्रशिक्षुओं द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों की प्रशंसा की तथा संस्थान के सर्वांगीण विकास हेतु एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपने शुभकामना संदेश में श्रीधर कोडाली, परियोजना प्रमुख, एनएमडीसी बीआईओएम बचेली ने नवप्रवेशित प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के प्राचार्य श्री कमलेश साहू द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सत्यम कुमार सिंह (अनुदेशक, इंजीनियरिंग ड्राइंग) एवं डेहल राम निषाद (अनुदेशक, वर्कशॉप कैलकुलेशन एंड साइंस) द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार श्रीवास्तव, अनुदेशक (मैकेनिक मोटर व्हीकल) द्वारा प्रस्तुत किया गया।