दन्तेवाड़ा

आपदा बचाव तैयारियों को परखने मॉक ड्रिल
20-Aug-2026 11:20 PM
आपदा बचाव तैयारियों को परखने मॉक ड्रिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 20 अगस्त। दंतेवाड़ा में बाढ़  से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए बड़े कारली तालाब में गोताखोरों की टीम द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान तालाब के मध्य में फंसे नागरिकों को बचानें अभियान चलाया गया। इसमें घायल लोगों को प्राथमिक चिकित्सा देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।

इस मॉक ड्रिल के तहत माइक के माध्यम से बचाव दल को लगातार निर्देश दिए जा रहे थे। पानी के भीतर मौजूद पत्थरों और संभावित खतरे वाले स्थानों की जानकारी दी गई।

इस दौरान नाव की तकनीकी क्षमता, गोताखोरों की तत्परता तथा बचाव कार्य में अपनाई जाने वाली मानक प्रक्रियाओं का परीक्षण किया गया। जिले के नदी किनारे बसे गांवों में मानसून के दौरान बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए ग्रामीणों के फंसने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारियों का भी पूर्वाभ्यास किया गया।

  मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारियों ने पर्याप्त संख्या में जीवन रक्षक जैकेट, नावों के लिए ईंधन, टॉर्च सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। राहत शिविरों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की चौबीसों घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने को  भी कहा गया। आपदा की स्थिति में प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और प्रशासन के पास उपलब्ध सभी नावों का तकनीकी परीक्षण पूर्व में ही पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम मुस्तैद थी। प्राथमिक उपचार सामग्री, चिकित्सक एवं आवश्यक जीवनरक्षक औषधियां उपलब्ध रखी गईं। साथ ही आपदा प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी राहत केंद्र भी स्थापित किया गया।

 मॉक ड्रिल के दौरान एडिशनल एसपी  जितेन्द्र खुंटे, एसडीएम गीदम विवेक चंद्रा और नगर सेना के जवान प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट