दन्तेवाड़ा

जिला अस्पताल में टाइप -1 मधुमेह क्लिनिक शुरु
20-Aug-2026 11:02 AM
 जिला अस्पताल में टाइप -1 मधुमेह क्लिनिक शुरु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 19 अगस्त। दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में मधुमेह के रोगियों हेतु विशेष क्लिनिक का बुधवार को शुभारम्भ किया गया। इस विशेष क्लीनिक से मधुमेह के रोगियों को उच्च स्तरीय उपचार की सुविधा मिलेगी। दंतेवाड़ा प्रशासन और यूनिसेफ, छत्तीसगढ़ के तकनीकी सहयोग से टाइप - 1 डायबिटीज क्लीनिक संचालित होगा।

  इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ डॉ. संजय बघेल, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मोहनीश खुटेल, जिला नोडल अधिकारी एनसीडी कार्यक्रम, डॉ.  देश दीपक, डॉ. दीनानाथ शर्मा, आर एम ओ, डॉ. प्रियंका सक्सेना, जिला एनसीडी सलाहकार अंकित सिंह, अस्पताल प्रबंधक चंद्रशिला पुराम, आईडीएसपी डाटा मैनेजर सुवेंदु मिस्त्री और दिनेश ठाकुर प्रमुख रूप से थे।

ज्ञात हो कि जिले में राष्ट्रीय गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत टाइप - 1 डायबिटीज से पीडि़त बच्चों को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में विशेष टाइप - 1 मधुमेह क्लिनिक शुरुआत की गई है। यह क्लीनिक प्रत्येक बुधवार को संचालित किया जाएगा। जिसके माध्यम से मरीजों को एक ही स्थान पर आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परामर्श, इंसुलिन प्रबंधन, पोषण संबंधी मार्गदर्शन और नियमित परामर्श की सुविधा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि टाइप - 1 डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन का निर्माण नहीं कर पता है। इसका मरीज को नियमित रूप से इंसुलिन लेने रक्त में शुगर के स्तर की निगरानी करने और से किसी की सलाह के अनुसार भोजन एवं दिनचर्या बनाए रखने की आवश्यकता होती है।

जिला अस्पताल में इस विशेष क्लीनिक के प्रारंभ होने से टाइप -1 मधुमेह के मरीजों को नियमित उपचार और परामर्श के लिए दूरस्थ स्वास्थ्य संस्थान या दूसरे शहर की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं होगी। मरीज को समय-समय पर फॉलोअप होने से उनके स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी की जा सकेगी और मधुमेह के कारण होने वाली संभावित जटिलताओं को रोकने में सहायता मिलेगी।


अन्य पोस्ट