दन्तेवाड़ा

बारिश के बीच किरंदुल में इंटक ने तिरंगे के साथ निकली बाइक रैली
18-Aug-2026 2:43 PM
बारिश के बीच किरंदुल में इंटक ने तिरंगे के साथ निकली बाइक रैली

इंटक सदन में ए.के. सिंह ने किया ध्वजारोहण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/ किरंदुल, 18 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किरंदुल में राष्ट्रभक्ति और एकता का उत्साह उस समय देखते ही बना, जब लगातार हो रही बारिश के बीच मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) द्वारा भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। बारिश की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी, युवा और नगरवासी तिरंगा लेकर बाइक पर सवार हुए और पूरे किरंदुल नगर में देशभक्ति का संदेश पहुंचाया।

कार्यक्रम की शुरुआत इंटक सदन, किरंदुल में ध्वजारोहण के साथ हुई। यहां सचिव ए.के. सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों सहित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है, इसलिए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण के बाद तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ किरंदुल फुटबॉल ग्राउंड से किया गया। एनएमडीसी किरणदुल प्रमुख रवीन्द्र नारायण ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल बाइक सवार हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। बारिश लगातार होती रही, लेकिन प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ।

शहर के प्रमुख मार्गों से

गुजरी तिरंगा रैली

तिरंगा बाइक रैली फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर एसबीआई एटीएम, डीपीएस पब्लिक स्कूल, बंगला भवन, पाताल नगर, गांधी नगर, गोकुल धाम, 10 मंजिल टावर, प्रकाश विद्यालय, रेलवे स्टेशन, नगर पालिका कार्यालय, रेलवे नर्सरी मोड़, रेलवे पुल, पेट्रोल पंप, घड़ी चौक, बस स्टैंड, डॉ. अंबेडकर पार्क, सीआईएसएफ बैरक, सिविल ऑफिस, डॉ. अंबेडकर चौक एवं डॉ. अंबेडकर भवन सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद रैली शीतला माता मंदिर और अन्य प्रमुख स्थानों से होकर श्रमिक सदन (गांधी भवन) पहुंची, जहां तिरंगा यात्रा का समापन किया गया।

 रैली के दौरान सडक़ पर जगह-जगह तिरंगे लहराते नजर आए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से किरंदुल का माहौल देशभक्ति से गूंज उठा।

एकता और सामाजिक

समरसता का दिया संदेश

आयोजकों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना भी है। रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में श्रमिक सदस्यों एवं उनके परिवारों के साथ प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एनएमडीसी प्रबंधन, नगर पालिका, पंचायत प्रतिनिधि, सीआईएसएफ, बैंक, विद्यालय-महाविद्यालय, व्यापारी, ठेकेदार, सामाजिक एवं सेवा संगठनों से जुड़े लोगों सहित नगरवासियों की सहभागिता रही। बारिश के बीच तिरंगा लेकर सडक़ों पर निकले बाइक सवारों ने स्वतंत्रता दिवस को यादगार बना दिया।


अन्य पोस्ट