दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 17 अगस्त। दंतेवाड़ा जिले की थाना कुआकोंडा पुलिस ने ग्राम बड़ेबेड़मा में हुए जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
थाना कुआकोंडा क्षेत्र के ग्राम बड़ेबेड़मा में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार (चाकू) से हमला किए जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रार्थिया बुधरी मंडावी की रिपोर्ट के अनुसार, उसका पति जोगा मंडावी अपने परिचित पाण्डु सोरी एवं भूमा मंडावी के साथ घर पर उपस्थित था। इस दौरान लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने जोगा मंडावी के साथ मारपीट की और गले पर चाकू से वार कर दिया।
हमले के बाद जोगा मंडावी मौके से चला गया। अगले दिन उसकी पत्नी ने घायल अवस्था में देखने के पश्चात घटना की सूचना पुलिस को दी।
मामले में थाना कुआकोंडा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 35/2026 पंजीकृत कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों पाण्डु सोरी और भूमा मंडावी को गिरफ्तार किया। 14 अगस्त को दोनों आरोपियों को दंतेवाड़ा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।