दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 14 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर बचेली नगर में एकीकृत बाल विकास परियोजना, बचेली के आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से बचेली नगर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।
रैली में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3 एवं 4 के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के साथ हितग्राही गर्भवती माताओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। नन्हे बच्चों ने बचेली नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए स्वतंत्रता दिवस के प्रति लोगों में उत्साह और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
इस अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता वारदे, एकीकृत बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती बीना साहू एवं बचेली वार्ड पार्षद झीलकी नाग सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं जूली, उमा, मीना, बबीता, ज्योति, लक्ष्मी उइके एवं हेमलता रजक तथा सेक्टर सुपरवाइजर नीलिमा ने भी सहभागिता निभाई।
नन्हे बच्चों की इस तिरंगा रैली ने न केवल स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को बढ़ाया, बल्कि नगरवासियों को देशप्रेम, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश भी दिया। बच्चों के उत्साह और हाथों में लहराते तिरंगे ने पूरे आयोजन को बेहद आकर्षक और भावपूर्ण बना दिया।