दन्तेवाड़ा
साढ़े 5सौ ने दी नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 14 अगस्त। दक्षिण बस्तर के दूरस्थ अंचल में उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एनएमडीसी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एनएमडीसी, बचेली कॉम्प्लेक्स के सीएसआर विभाग द्वारा 13 अगस्त को जावंगा स्थित एनएमडीसी पॉलिटेक्निक एवं आस्था विद्या मंदिर परिसर में नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया।
इस परीक्षा की आधिकारिक सूचना 14 जुलाई 26 को प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की गई थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में योग्य छात्राओं ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराया।
इस परीक्षा में कुल 698 पात्र छात्राओं में से 546 छात्राओं ने भाग लिया। इस लिखित परीक्षा के संचालन हेतु अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग, यशोदा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, किम्स कॉलेज एंड स्कूल ऑफ नर्सिंग, हैदराबाद एवं अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग आरागोंडा (चित्तूर) से आए वरिष्ठ शिक्षकों की टीम ने संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की।
यह संपूर्ण लिखित परीक्षा उप महाप्रबंधक (मा.सं.) सीएसआर, श्री जोसी थॉमस के मार्गदर्शन एवं सीएसआर विभाग के समस्त कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अभ्यर्थियों का चयन मेरिट (योग्यता) के आधार पर किया जाएगा। मेरिट में स्थान पाने वाली छात्राओं का आवश्यक मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें संबंधित नर्सिंग कॉलेजों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। ज्ञातव्य है कि चयनित छात्राओं की पढ़ाई, आवास और प्रशिक्षण का संपूर्ण वित्तीय खर्च एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।