दन्तेवाड़ा

हड़ताली इंटर्न चिकित्सकों ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में लगाई अर्जी
13-Aug-2026 10:21 PM
हड़ताली इंटर्न चिकित्सकों ने माँ दंतेश्वरी मंदिर में लगाई अर्जी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 13 अगस्त। मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में पदस्थ इंटर्न चिकित्सक अपनी 1 सूत्रीय मांग को लेकर 10 दिनों से हड़ताल पर है। चिकित्सकों ने अपनी स्टाइपेंड 15 हजार 9 सौ से बढ़ाकर 30 हजार करने के लिए सरकार को पत्र से लेकर निवेदन भी कर चुके हंै। लेकिन मांग पूरी नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। अपनी मांग को पूरी करवाने के लिए इंटर्न चिकित्सकों ने बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के साथ ही माँ को एक अर्जी भी लिखी है-सरकार हमारी बात को सुने और हमारी मांग को पूरी करे।

मेकाज के इंटर्न चिकित्सक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में इंटर्न व पीजी रेजिडेंट के द्वारा अपने स्टाइपेंड बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे है। उनका कहना है कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ के इंटर्न व पीजी रेजिमेंट को सबसे कम पैसा दिया जा रहा है। मांग पूरी नहीं होने के कारण इंटर्न चिकित्सक अनिश्चिकालीन हड़ताल में चले गए हैं, और मेकाज में तालपतरी बिछाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हंै।

इंटर्न का कहना था कि सभी इंटर्न व पीजी रेजिमेंट को मान सम्मान स्टाइपेंड हमारा अधिकार है। समयबद्ध स्टाइपेंड हमारी आवश्यकता है।

 इंटर्न व पीजी डॉक्टरों का शोषण बंद किया जाए।

पैदल मार्च किया जताया विरोध

लगातार 8 दिनों से चल रहे विरोध के बीच इंटर्न चिकित्सकों ने मंगलवार की देर शाम को पैदल मार्च करते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इस दौरान इंटर्न शहर के चांदनी चौक से होते हुए शहीद पार्क, पुराना बस स्टैंड, मेन रोड, गोल बाजार, सिरहासार होते हुए माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुँचे। इंटर्न चिकित्सकों ने बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी को अपनी समस्याओं को लेकर पत्र लिखकर अपनी अर्जी लगाते हुए गुहार लगाई है कि सरकार उनकी बातों को सुने और जल्द से जल्द हमारी मांग को पूरी करे।


अन्य पोस्ट