दन्तेवाड़ा

सीआईएसएफ की भव्य बाइक रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे
10-Aug-2026 11:17 PM
सीआईएसएफ की भव्य बाइक रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे

जवानों ने दिया एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 10 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई बीआइओएम बचेली द्वारा सोमवार को भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के जज्बे से ओत-प्रोत सीआईएसएफ के जवानों ने बाइक रैली के माध्यम से नगरवासियों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

रैली का शुभारंभ एनएमडीसी बचेली के सीआईएसएफ चेकपोस्ट से हुआ। तिरंगे से सजी बाइक पर सवार जवानों की रैली श्रमवीर चौक होते हुए राजीव गांधी चौक, घड़ी चौक, बैंक कॉलोनी और गुरुघासी दास चौक पहुंची। इसके बाद रैली हाईटेक कॉलोनी पहुंची और वहां से वापस  सीआईएसएफ  बैरक में पहुंचकर रैली का समापन हुआ।

पूरे मार्ग में सीआईएसएफ  के जवानों ने उत्साहपूर्वक देशभक्ति के नारे लगाए। हाथों में लहराता तिरंगा और जवानों का जोश लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। रैली के दौरान नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर  सीआईएसएफ  जवानों ने संदेश दिया कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा के संदेश के साथ निकली इस बाइक रैली ने बचेली में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

रैली के माध्यम से सीआईएसएफ जवानों ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को निभाने का आह्वान किया।


अन्य पोस्ट