दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 10 अगस्त। दंतेवाड़ा में विश्व आदिवासी दिवस गाजे - बाजे की धुन पर मनाया गया। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज, दंतेवाड़ा द्वारा न्यू क्रिकेट स्टेडियम गीदम, मेंढका डोबरा एवं गंजेनार (गढ़मिरी चौक) में आयोजित किया गया। जिसमें विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक चैतराम ने कहा कि आदिवासी समाज हमारी गौरवशाली संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का एक जीवंत प्रतीक है। हमारी पहचान जल, जंगल और जमीन से गहराई से जुड़ी हुई है। प्रकृति के संरक्षण, सामुदायिक जीवन, मेहनत, साहस और आपसी भाईचारे की हमारी परंपराएं सदियों से समाज को नई दिशा देती आ रही है।
हमारी लोककला, लोक नृत्य-संगीत, रीति-रिवाज, व्यंजन व सादगी भरा जीवन ही हमारी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है। हमें अपनी इस गौरवशाली पहचान और परंपराओं को सहेजते हुए आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाना है।
विश्व आदिवासी दिवस हम सभी के लिए अपनी संस्कृति, विरासत और समाज के प्रति गर्व एवं संकल्प का अवसर है।
इस अवसर पर आदिवासी समाज के अनेक वक्ताओं नें समाज की दशा और दिशा पर अपने विचार रखें। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधिगण बड़ी संख्या में मौजूद थे।