दन्तेवाड़ा

हेलमेट और सीटबेल्ट न भूले-डीएसपी
07-Aug-2026 4:22 PM
हेलमेट और सीटबेल्ट न भूले-डीएसपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा 6 अगस्त। दंतेवाड़ा में यातायात पुलिस द्वारा सडक़ हादसों को रोकने प्रचार - प्रसार किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशन एवं एएसपी जितेन्द्र कुमार खूँटे तथा डीएसपी नसर उल्लाह सिद्दीकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा एनएमडीसी डीएवी पॉलिटेक्निक, दंतेवाड़ा में यातायात नियमों और सडक़ सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित की गई।

 छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष ‘यातायात नियम और सडक़ सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता पर जोर दिया गया।

 डीएसपी ट्रैफिक नसर सिद्दीकी ने सडक़ हादसों के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और युवाओं से अपील की कि वे वाहन चलाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीटबेल्ट केवल पुलिस के चालान से बचने के साधन नहीं हैं, बल्कि यह हमारे जीवन की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा कवच हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा आईएसआई मार्क वाले हेलमेट पहनने और कार आदि चलाते समय हमेशा सीटबेल्ट लगाने की सख्त सलाह दी।

 एएसआई जितेंद्र त्रिपाठी ने मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों और नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गति सीमा मे वाहन चलानें, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का प्रयोग ना करने , नशे में वाहन ना चलाने , लाइसेंस और दस्तावेज के संबंध में जानकारी, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाना सम्बन्धित जानकारी दी।

छात्र - छात्राओं के द्वारा सडक़ सुरक्षा की शपथ ली गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर सडक़ नियमों का कड़ाई से पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस दौरान यातायात से आरक्षक आदित्य कंदोई , कन्हैया सिन्हा और ललित मौजूद थे।


अन्य पोस्ट