दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 6 अगस्त। दंतेवाड़ा में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा एनालॉग पनीर को प्रतिबंधित किया गया है। उक्त आदेश के पालन की जांच हेतु विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मारवाड़ी भोजनालय, हरियाणा जलेबी, गुप्ता डेली नीड्स एंड स्वीट्स, परदेशी होटल, साहूजी’स जूस कॉर्नर एवं अमायरा रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई एवं स्वच्छ (हाइजेनिक) वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जांच में किसी भी प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का उपयोग या भंडारण नहीं पाया गया। खाद्य कारोबारियों को केवल शुद्ध पनीर का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री का अवलोकन किया गया, जो संबंधित प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को दिखाई देने वाले स्थान पर प्रदर्शित पाई गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के उपयोग के प्रति सजग रहने की अपील की है।