दन्तेवाड़ा

राज्य स्तर पावर लिफ्टिंग में बचेली का शानदार प्रदर्शन, 5 खिलाडिय़ों ने जीते पदक
05-Aug-2026 10:49 PM
राज्य स्तर पावर लिफ्टिंग में बचेली का शानदार प्रदर्शन, 5 खिलाडिय़ों ने जीते पदक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 5 अगस्त। 12वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में बचेली के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक धमतरी के अग्रसेन भवन, सिहावा चौक में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बचेली के पांच खिलाडिय़ों ने विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण एवं कांस्य पदक जीतकर दंतेवाड़ा जिले का गौरव बढ़ाया।

कोच नंदकिशोर साहू के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में श्रुति साहू ने 84 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक, शिप्रा बिस्वास ने 84 किलोग्राम सीनियर वर्ग में दो स्वर्ण पदक, दीपाली सरकार ने 84 किलोग्राम सीनियर वर्ग में कांस्य पदक, शोभा बघेल ने 64 किलोग्राम सीनियर वर्ग में कांस्य पदक तथा चित्रंजन दास ने 74 किलोग्राम जूनियर वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

प्रतियोगिता के दौरान कोच नंदकिशोर साहू को पावर लिफ्टिंग खेल के विकास और खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण देने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आयोजकों द्वारा स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।  बचेली के खिलाडिय़ों की इस उल्लेखनीय सफलता पर एनएमडीसी, नगर के जनप्रतिनिधियों एवं वेटलिफ्टिंग संघ बचेली के पदाधिकारियों ने सभी पदक विजेता खिलाडिय़ों और कोच नंदकिशोर साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अन्य पोस्ट