दन्तेवाड़ा

गढ़चिरौली में नक्सली बन बैनर-पोस्टर लगाए, किरंदुल का एक बंदी
03-Aug-2026 10:56 PM
गढ़चिरौली में नक्सली बन बैनर-पोस्टर लगाए, किरंदुल का एक बंदी

बचेली/दंतेवाड़ा, 3 अगस्त। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के थाना पिपली (बुर्गी) क्षेत्र में नक्सलियों के नाम से लगाए गए बैनर-पोस्टर मामले में पुलिस ने दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद गढ़चिरौली पुलिस की टीम ने किरंदुल पहुंचकर उसके निवास पर तलाशी और आवश्यक जांच कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के थाना पिपली (बुर्गी) जिला गढ़चिरौली क्षेत्र में माओवादियों के नाम से बैनर पोस्टर लगाये गये थे। जिस संबंध में थाना पिपली (बुर्गी) जिला गढ़चिरौली महाराष्ट्र में कई  धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना दौरान दो आरोपियों की गिरफ्तारी पश्चात ईश्वर राव  किरन्दुल, जिला दंतेवाड़ा को 27 जुलाई को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड लिया गया है। इसी कड़ी में मामले की तस्दीक और तलाशी के लिए गढ़चिरौली पुलिस की टीम ने 30 जुलाई को किरंदुल पहुंचकर आरोपी के मकान की तलाशी और विधिवत जांच पूरी की।


अन्य पोस्ट