दन्तेवाड़ा

संवाद तालमेल से संगठन करें मजबूत - पवन साय
02-Aug-2026 9:05 PM
संवाद तालमेल  से संगठन करें मजबूत - पवन साय

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

दन्तेवाड़ा, 2 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी  दन्तेवाड़ा की जिला पदाधिकारी बैठक किरंदुल मण्डल में जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में रविवार को हुई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन की मजबूती हेतु प्रेरक संबोधन दिया।

इस दौरान श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित एवं समर्पित संगठन है। उन्होंने संगठन के प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय, नियमित प्रवास, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने कहा कि संगठन की कोर कमेटी के माध्यम से बूथ, शक्ति केन्द्र, मण्डल, जिला संगठन तथा कार्यकर्ताओं के बीच सतत समन्वय स्थापित होना चाहिए। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और सभी को एक टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वय होना आवश्यक है, ताकि सरकार की योजनाओं एवं संगठन के कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।

श्री पवन साय ने प्रशासनिक तंत्र के साथ सकारात्मक समन्वय बनाकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जनता और शासन के बीच सेतु का कार्य करे तथा जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे। उन्होंने संगठनात्मक प्रवास को अनिवार्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी नियमित रूप से बूथ, शक्ति केन्द्र, ग्राम एवं मण्डल स्तर तक प्रवास करे। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है, संगठन मजबूत होता है तथा जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त होती है।

इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान एवं संगठनात्मक दायित्वों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

इस दौरान संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भाभरा प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट,जिला संगठन प्रभारी शिव नारायण पाण्डेय,  विधायक चैतराम अटामी, महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मण्डावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नवीन विश्वकर्मा, सत्यजीत चौहान, मुन्ना मरकाम, राजेश कश्यप, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, कुणाल ठाकुर, रामू नेताम और अंती वेक प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट