दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 अगस्त। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने गीदम विकासखंड के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र घोटपाल-01 नाकापारा, समरथपारा आंगनबाड़ी केंद्र तथा सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, रोंजे स्कूल पारा का औचक निरीक्षण बृहस्पतिवार को किया। श्री ध्रुव ने केन्द्रों में संचालित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर श्री ध्रुव ने मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र घोटपाल-01 के नाकापारा में बच्चों की दर्ज संख्या, पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज जानकारी, नियमित टीकाकरण की स्थिति, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की संख्या, गर्भवती एवं धात्री माताओं को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री के वितरण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के वजन एवं ऊंचाई मापन, ग्रोथ मॉनिटरिंग रजिस्टर, स्वास्थ्य परीक्षण, पूरक पोषण आहार वितरण तथा टीकाकरण अभिलेखों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, खेल-खेल में सीखने की गतिविधियां, प्री-स्कूल शिक्षा, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, खिलौनों, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रसोईघर एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर बच्चों के नाम भी पूछे और उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी आने, पौष्टिक भोजन ग्रहण करने तथा स्वच्छता की आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सेहत - पोषण को दें तवज्जो
इसी कड़ी में समरथ पारा एवं रोंजे स्कूल पारा आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान भी कलेक्टर ने पोषण सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों, अभिलेख संधारण तथा केंद्रों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचे। बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से किसी प्रकार का समझौता न करें।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज सभी बच्चों के आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एकत्रित की जाए। जिन बच्चों के दस्तावेज अभी तक नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित कर आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने एवं पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में कोई भी बच्चा शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। विभागीय समन्वय से शिविर आयोजित कर सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण करे।
निरीक्षण के दौरान श्री ध्रुव ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र में मौसमी हरी सब्जियां एवं पौष्टिक फसलों का उत्पादन किया जाए। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग रविकांत ध्रुव और नरेश भोई प्रमुख रूप से मौजूद थे।