दन्तेवाड़ा

मॉनिटरिंग सेल, न्यायालय अधोसंरचना, ई-साक्ष्य की समीक्षा
01-Aug-2026 9:14 AM
मॉनिटरिंग सेल, न्यायालय अधोसंरचना,  ई-साक्ष्य की समीक्षा

दंतेवाड़ा, 31 जुलाई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दंतेवाड़ा, संतोष कुमार आदित्य की अध्यक्षता में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के न्याय सदन में बृहस्पतिवार को विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें मॉनिटरिंग सेल, न्यायालय - अधोसंरचना, ई-साक्ष्य एवं एन-स्टेप संबंधी मामलों की गहन समीक्षा  गई।

बैठक में ई-साक्ष्य एवं एन-स्टेप प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन, समन एवं वारंट की समयबद्ध तामिली, आगामी वर्षों की आवश्यकताओं के अनुरूप न्यायालयीन अधोसंरचना विकसित करने, जेलों में बंदियों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध कराने तथा न्यायिक अधिकारियों के लिए न्यायिक पूल आवास एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचना विकसित किए जाने पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही 5 से 10 वर्ष पुराने प्रकरणों, लक्षित प्रकरणों, नक्सल संबंधी मामलों तथा विचाराधीन बंदियों के प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए समन एवं वारंट की तामिली तथा उसकी रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।बैठक में कुटुम्ब न्यायालय दंतेवाड़ा के लिए न्यायालय भवन, न्यायाधीश आवास एवं स्टाफ आवास हेतु भूमि चिन्हांकन एवं आवंटन की प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की गई।

दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर में स्वीकृत न्यायालयीन निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने, लंबित निर्माण कार्यों में आ रही प्रशासनिक एवं व्यावहारिक बाधाओं का निराकरण करने तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय - सीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित होने वाले समाधान समारोह तथा आगामी 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिक से अधिक न्यायालयीन एवं राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विचाराधीन बंदियों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र बंदियों को जमानत एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा ऐसे मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री मोहन प्रसाद गुप्ता, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश धीरेन्द्र प्रताप सिंह दांगी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, कलेक्टर सुकमा अमित कुमार, कलेक्टर बीजापुर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री अमन झा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अपूर्वा दांगी और सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अनन्त दीप तिर्की प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट