दन्तेवाड़ा

कारगिल विजय दिवस पर इंटक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
28-Jul-2026 10:30 PM
कारगिल विजय दिवस पर इंटक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 28 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) किरंदुल शाखा द्वारा गांधी भवन (इंटक श्रमिक सदन) में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (एम एंड एस) एम. सुब्रमण्यम, यूनियन अध्यक्ष विनोद कश्यप, नगरपालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी सहित जनप्रतिनिधियों, यूनियन पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और मोमबत्तियां जलाकर उन्हें नमन किया। इसके बाद सभी ने दो मिनट का मौन रखकर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर यूनियन सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि 26 जुलाई 1999 भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का स्वर्णिम प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा हमें राष्ट्रहित, एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

श्रद्धांजलि सभा के दौरान ‘भारत माता की जय, वंदे मातरम, अमर शहीद अमर रहें’ और जय हिंद के नारों से पूरा गांधी भवन देशभक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर संजय कुमार यादव, टाऊन  इंस्पेक्टर नगरपालिका, पार्षद बाल सिंग, राजू रेड्डी जी, अमृत टंडन, ईला पटेल, सेवानिवृत्त कर्मचारी अधिकारी कल्याण समिति के अध्यक्ष  डी आर यादव जी , मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के सचिव ए.के. सिंह सहित पत्रकार, यूनियन पदाधिकारी, ठेका श्रमिक, सुरक्षा प्रहरी तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट