दन्तेवाड़ा
बचेली में शहीदों के नाम पौधारोपण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 27 जुलाई। कारगिल विजय दिवस पर शहीदों की अमर स्मृति को समर्पित आमोद अरण्य का 7वां स्थापना दिवस उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। वर्ष 2019 में बंजर भूमि पर शुरू हुई यह पहल आज एक विकसित होते स्मृति वन के रूप में पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुकी है।
इस अवसर पर आमोद अरण्य के संस्थापक संदीप दीक्षित ने कहा- जिन वीरों ने अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान देकर हमारी रक्षा की उनको वृक्ष के रूप में पुनर्जीवित करने के संकल्प में सहयोग करने वाले सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। वहीं संस्थापक सदस्य वर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती ने शहीदों को नमन करते हुए बीते सात वर्षों की यात्रा का विवरण दिया।मंच संचालन पर्यावरण कार्यकर्ता तथा एक पेड़ शहीदों के नाम की संस्थापक नंदिनी दीक्षित ने किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने शहीदों के नाम पौधारोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि केवल शब्दों से नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए हरित भविष्य तैयार करने से मिलेगी। उन्होंने आमोद अरण्य की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) प्रितीश पांडेय, थाना प्रभारी (टीआई) अर्जुन पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुमित सरकार, महिला मोर्चा जिला महामंत्री गीतांजलि जायसवाल, एनएमडीसी से डॉ. सरोज कुमार साहू, श्रमजीवी पत्रकार संघ अध्यक्ष आज़ाद सक्सेना, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले, बैलाडीला पत्रकार संघ अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, पार्षद हरीश शर्मा, तरुण भोर, वनस्पति शोधकर्ता गणेश निषाद, प्रितीश मांझी, दीपक सरकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने शहीदों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया। आमोद अरण्य की यह यात्रा आज केवल एक वन निर्माण अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सहभागिता की सशक्त भावना बन चुकी है।