दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 जुलाई। दंतेवाड़ा वनमंडल अंतर्गत वन अपराधों के प्रभावी नियंत्रण एवं विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ऑनलाइन पीओआर दर्ज करने की प्रक्रिया, जांच अधिकारी नियुक्ति, जब्त वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली कार्यवाही, कोर्ट चालान एवं संबंधित प्रपत्र तैयार करना, प्रकरणों की जांच में उप वनमंडल अधिकारी, वनमंडल अधिकारी एवं मुख्य वन संरक्षक स्तर तक प्रकरण प्रस्तुत करने एवं अग्रेषित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए वन अपराध प्रकरणों के त्वरित एवं विधि सम्मत निराकरण हेतु आवश्यकनिर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन प्रणाली के प्रभावी उपयोग से प्रकरणों के निस्तारण में गति आएगी तथा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी रंगनाथा रामकृष्णा वाय, उप वनमंडलाधिकारी दंतेवाड़ा, उप वनमंडलाधिकारी गीदम प्रमुख रूप से मौजूद थे।